जियो प्लेटफॉर्म्स IPO से पहले जमा कर रही ज्यादा नकदी, कमाई में रिकॉर्ड उछाल
रिलायंस इंडस्ट्रीज का हिस्सा जियो प्लेटफॉर्म्स अपने बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की तैयारी कर रहा है। इसके लिए कंपनी नकद जमा कर अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत कर रही है।
कंपनी का नेट लेवरेज रेशियो वित्त वर्ष 2024 में 0.88 गुना था, जो वित्त वर्ष 2026 तक घटकर 0.36 गुना हो गया है। उसकी योजना है कि IPO से जो पैसा आएगा, उससे वह अपना और कर्ज चुकाएगी और भविष्य के विकास पर भी लगाएगी।
राजस्व 1.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा
जियो का राजस्व वित्त वर्ष 2024 में 1.10 लाख करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 1.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है। ज्यादा ग्राहक डाटा इस्तेमाल कर रहे हैं और ब्रॉडबैंड कनेक्शन ले रहे हैं। इसी वजह से कंपनी का मुनाफा भी लगातार बढ़ रहा है।
जियो के 2.71 करोड़ फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहक हैं, जिससे बाजार में उसकी 42.6 फीसदी हिस्सेदारी हो गई है। इसके अलावा, कंपनी ने अपना खुद का 5G टेक स्टैक भी विकसित किया है।
उसने 6,817 पेटेंट के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 1,009 को दुनियाभर में मंजूरी भी मिल चुकी है। इन उपलब्धियों से जियो के लिए वैश्विक टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम करने और अपने नेटवर्क से कमाई के नए रास्ते तलाशने का मंच तैयार हो गया है।