जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को लॉन्च से पहले ही ग्रे मार्केट में मिल रहा 16 फीसदी उछाल
रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स एक रिकॉर्ड तोड़ आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी में है और इसे लेकर निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्रे मार्केट में अभी से इसके शेयर अपने अनुमानित भाव से 170-180 रुपये ज्यादा पर पहुंच गए हैं। कंपनी ने प्रति शेयर 1,065 से 1,119 रुपये का भाव तय किया है, इसी वजह से बाजार को शेयर में 15-16 फीसदी उछाल की उम्मीद है।
हालांकि, IPO से जुड़े आधिकारिक ब्योरे अभी आने बाकी हैं, लेकिन इसे लेकर अभी से जबरदस्त हलचल मची हुई है।
सबसे बड़ा IPO होने का दावा
अगर, सब कुछ तय योजना के मुताबिक चला तो यह देश का अब तक का सबसे बड़ा IPO साबित होगा। जियो लगभग 30,200 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।
इसके लिए कंपनी 27 करोड़ तक नए शेयर बाजार में उतारेगी। यह सफल रहा तो कंपनी का कुल मूल्यांकन लगभग 10.3 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा, जिससे यह देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की फेहरिस्त में शामिल हो जाएगी।
अभी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की 66.43 फीसदी हिस्सेदारी है, वहीं मेटा की जाधु होल्डिंग्स (9.98 फीसदी) और गूगल इंटरनेशनल (7.73 फीसदी) जैसे बड़े नाम भी इसमें प्रमुख निवेशक हैं।
यह दर्शाता है कि जियो केवल टेलीकॉम में ही नहीं, बल्कि तकनीकी क्षेत्र में भी बड़ी महत्वाकांक्षाएं रखता है और दुनियाभर के बड़े निवेशक उसकी इस उड़ान पर पूरा भरोसा कर रहे हैं।