जियो के शेयरों में पहले ही दिन 21 फीसदी उछाल, पूंजीकरण में एयरटेल पछाड़ा
जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त शुरुआत की है। इसने निवेशकों को पहले ही दिन 21 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया।
इस लिस्टिंग से न केवल निवेशकों की जेब भरी, बल्कि जियो, भारती एयरटेल को पीछे छोड़कर बाजार पूंजीकरण के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई।
इसने रिलायंस इंडस्ट्रीज को देश के सबसे बड़े बिजनेस ग्रुप के तौर पर और मजबूत कर दिया।
IPO हुआ 22.19 गुना ओवरसब्सक्राइब
जियो के IPO को लेकर बाजार में जबरदस्त उत्साह था। एंकर निवेशकों से इसे 8,110 करोड़ रुपये मिले, वहीं संस्थागत निवेशकों ने 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोली लगाई, जो ऑफर की गई राशि से 30 गुना ज्यादा था।
कुल मिलाकर IPO 22.19 गुना ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। इसमें योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) का हिस्सा 70.55 गुना तक भर गया। अगर, आपको शेयरहोल्डर श्रेणी में कम से कम 23 शेयर मिले थे तो लिस्टिंग पर आपकी जेब में करीब 5,497 रुपये आएंगे। दूसरी तरफ, खुदरा निवेशकों को 12 शेयरों के लॉट पर 1,358 रुपये प्रति शेयर के शुरुआती दाम पर करीब 2,868 रुपये का फायदा हुआ।
ओवरसब्सक्रिप्शन को बताया भरोसे का संकेत
आकाश अंबानी ने इतनी तेजी से हुए सब्सक्रिप्शन को जियो की भविष्य की योजनाओं में लोगों के भरोसे का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि जियो लगातार अपना डिजिटल इकोसिस्टम बढ़ा रही है, जो पहले से ही देशभर में 54 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को जोड़ता है।