Loading...
जेन्सेन हुआंग के निजी विवाद का एनवीडिया के शेयरों पर असर, लगातार दूसरे दिन गिरावट
जेन्सेन हुआंग के विवाद का एनवीडिया के शेयरों पर असर

जेन्सेन हुआंग के निजी विवाद का एनवीडिया के शेयरों पर असर, लगातार दूसरे दिन गिरावट

Nov 11, 2026
08:52 am

क्या है खबर?

एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग के निजी विवाद का असर अब कंपनी के शेयरों पर भी दिखाई दे रहा है। मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में एनवीडिया के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इस वजह से 2 दिनों में कंपनी का बाजार मूल्य करीब 470 अरब डॉलर (लगभग 44,700 अरब रुपये) घटने की आशंका है। यह विवाद एक चीनी कारोबारी एलिस हुआंग से जुड़ा है, जिन पर चीन की जासूसी गतिविधियों से संबंध होने के आरोप हैं।

आरोप

चीनी कंपनियों को चिप पहुंचाने में मदद का आरोप

द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग के साथ जेन्सेन के कथित संबंधों से चीनी कंपनियों तक कम से कम 7.5 अरब डॉलर के एनवीडिया चिप पहुंचाने में मदद मिली।

रिपोर्ट में 2 लोगों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। एलिस और जेन्सेन आपस में रिश्तेदार नहीं हैं। इस मामले ने कंपनी के कामकाज, चीन को चिप बेचने से जुड़े नियमों और CEO की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

रिपोर्ट

चीन और सिंगापुर में कंपनियों का नेटवर्क

रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग ने अपने पति और बहन के साथ मिलकर चीन और सिंगापुर में कंपनियों का एक नेटवर्क बनाया था।

इसमें शंघाई सेंचुरी लिटोंग नाम की चीनी कंपनी की अहम भूमिका थी। इस कंपनी को 2023 में एनवीडिया का पसंदीदा क्लाउड पार्टनर बनाया गया था। इस दर्जे के कारण उसे कंपनी के चिप खरीदने में प्राथमिकता मिलती थी।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस नेटवर्क से चीन में चिप की आपूर्ति की गई।

ADVERTISEMENT

प्रतिबंध

अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन पहुंचे चिप

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण चिप की खरीद पर रोक लगने के बाद भी एलिस ने एनवीडिया और उसके वितरकों से अपने संबंधों का इस्तेमाल किया।

इससे करीब 2.40 लाख H100, H200 और A100 चिप चीन पहुंचाए गए। बताया गया है कि इनका इस्तेमाल डाटा सेंटर चलाने में हुआ।

बाद में इनसे मिली कंप्यूटिंग सेवाएं अलीबाबा, टेनसेंट और कुछ छोटी चीनी AI कंपनियों तक पहुंचीं।

ADVERTISEMENT

जांच

एनवीडिया ने शुरू की आंतरिक जांच

विवाद सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने रविवार को मामले की आंतरिक जांच शुरू की है।

वहीं, FBI यह पता लगा रही है कि क्या जेन्सेन किसी विदेशी खुफिया गतिविधि का निशाना बने थे। जेन्सेन ने कर्मचारियों को बताया था कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे, लेकिन रिश्ते की दूसरी जानकारी नहीं दी।

एनवीडिया ने इस रिपोर्ट पर तुरंत कोई भी जवाब नहीं दिया है।

ADVERTISEMENT