अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की 1.5 करोड़ शेयर बेचने की योजना
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस 1.5 करोड़ शेयर बेच रहे हैं, जिनकी कीमत करीब 4.1 अरब डॉलर (करीब 390 अरब रुपये) है।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब इस सप्ताह कंपनी के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। यह बिक्री उनके पिछले साल बनाए गए एक ट्रेडिंग प्लान का हिस्सा है।
इसमें उनके वे शुरुआती शेयर भी शामिल हैं, जो उन्होंने 1994 में अमेजन शुरू करते समय खरीदे थे।
कंपनी को भविष्य में बढ़त की उम्मीद
इस खबर के बाद अमेजन के शेयर करीब 2 फीसदी गिरे जरूर, लेकिन इस साल अब तक इसमें 20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है, जो S&P 500 के 12 फीसदी की तुलना में कहीं अधिक है। दूसरी तरफ, बेजोस ने मई में शेयर गैर-लाभकारी संस्थाओं को दान कर दिए थे।
इस बीच, अमेजन ने मजबूत तिमाही नतीजे पेश किए हैं। कंपनी को उम्मीद है कि तीसरी तिमाही में उसका राजस्व 197 अरब डॉलर से 202 अरब डॉलर (करीब 19,000-19,200 अरब रुपये) के बीच रहेगा और परिचालन आय 22.5 अरब डॉलर से 26.5 अरब डॉलर (करीब 21,000-25,000 अरब रुपये) के बीच होगी। इसका मुख्य कारण कंपनी के क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बिजनेस का बेहतर प्रदर्शन है।