AI अगले 5 साल में पैदा करेगी ढेरों नए अवसर- सिस्को अध्यक्ष का दावा
सिस्को सिस्टम्स के अध्यक्ष जीतू पटेल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य को लेकर काफी आशावादी हैं। उनका कहना है कि अगले 5 सालों में AI नौकरियों को खत्म करने के बजाय नई नौकरियां पैदा करेगा।
एक्स पर अपने विचार साझा करते हुए पटेल ने लिखा, "ऑटोमेशन इंसान के योगदान की जरूरत को खत्म नहीं करता, बल्कि यह दिखाता है कि इसके साथ कितना कुछ हासिल किया जा सकता है।"
पटेल ने की AI कौशल सीखने की अपील
पटेल बताते हैं कि AI से काम की रफ्तार बढ़ती है और खर्चा कम होता है, लेकिन इसके साथ ही नई चुनौतियां भी आती हैं, जहां इंसानी दखल की जरूरत पड़ती है। यह बदलाव नए बाजार, नए उत्पाद और आखिर में नई नौकरियों का रास्ता खोलता है।
उनका मानना है कि AI में माहिर होने से कामगारों के लिए सब कुछ बदल जाएगा। इससे कुछ कामों में उनकी उत्पादकता 100 गुना तक बढ़ सकती है। उनका संदेश है कि अगर, आप बदलते हुए दफ्तरों में आगे बढ़ना चाहते हैं तो AI कौशल को सीखिए और खुद को ढालिए।