जापान एयरलाइंस ने क्रू सदस्य की गलती पर CEO का 30 फीसदी वेतन काटा
जापान एयरलाइंस की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मित्सुको टोटोरी अपने वेतन में 30 फीसदी की कटौती करेंगी। उन्हें यह कदम 2 महीने तक उठाना पड़ेगा क्योंकि कंपनी की 2 केबिन क्रू सदस्यों ने शराब संबंधी नीति का उल्लंघन किया था।
यह घटना 23 मई को हिरोशिमा से टोक्यो हानेडा जाने वाले विमा JL252 के उड़ान भरने से ठीक पहले हुई। उस वक्त नियमित जांच के दौरान एक क्रू सदस्य शराब के टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया।
इसी वजह से उड़ान 40 मिनट देरी से उड़ी क्योंकि जापान एयरलाइंस को आनन-फानन में दूसरे क्रू सदस्य का इंतजाम करना पड़ा। एयरलाइंस ने इसे प्रबंधन की बहुत गंभीर विफलता बताया है।
अन्य अधिकारियों काे भी मिली सजा
इस कार्रवाई का असर सिर्फ CEO पर ही नहीं पड़ा है, बल्कि कंपनी के 2 कार्यकारी अधिकारियों पर भी हुआ है। सेफ्टी और केबिन ऑपरेशन्स की जिम्मेदारी संभालने वाले इन 2 अधिकारियों को एक महीने के लिए अपने वेतन में 20 फीसदी की कटौती झेलनी पड़ेगी, वहीं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी 10 फीसदी वेतन कटौती का सामना करना होगा।
जांच पूरी होने के बाद जापान एयरलाइंस ने एक केबिन क्रू सदस्य को नौकरी से बर्खास्त कर दिया, जबकि दूसरे को निलंबित कर दिया। इन दोनों ने लेओवर के दौरान तय सीमा से ज्यादा शराब का सेवन किया था।
यह कदम जापान की उस कॉर्पोरेट संस्कृति के अनुरूप है, जहां टीम के सदस्यों से हुई गलती के लिए भी नेतृत्वकर्ताओं को जवाबदेह ठहराया जाता है।