जेपी मॉर्गन के CEO ने की AI से नौकरियों में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी
जेपी मॉर्गन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेमी डिमोन मानते हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारे काम करने के तरीकों में एक बड़ा बदलाव ला सकता है।
शिकागो में उन्होंने बताया कि ऐसी टेक्नोलॉजी के आने से सप्ताह में केवल 4 या 3.5 दिन काम करना पड़ सकता है और हर व्यक्ति की कमाई बढ़कर 3 लाख डॉलर (करीब 2.8 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकती है।
डिमोन ने AI को एक 'सुनामी' बताया, जो स्वास्थ्य सेवा से लेकर परिवहन जैसे तमाम उद्योगों को बदल कर रख सकता है।
AI को लेकर दी चेतावनी
डिमोन ने साइबर सुरक्षा की गंभीर चिंताओं पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर, ऑटोनोमस AI पर लगाम नहीं कसी गई तो यह लगातार साइबर हमले करवा सकता है या बैंक खातों में बड़ी गड़बड़ी पैदा कर सकता है।
इस साल टेक्नोलॉजी की बड़ी कंपनियां AI डेवलपमेंट पर 700 अरब डॉलर (करीब 66,000 अरब रुपये) से ज्यादा का पूंजीगत निवेश कर रही हैं। इसमें से ज्यादातर पैसा AI के विकास पर ही लगाया जा रहा है।
बैंक ऑफ अमेरिका के CEO ब्रायन मोयनिहान ने भी इन्हीं चिंताओं को दोहराया। उनकी टीम ने तो अपने सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए 1,000 बाहरी विशेषज्ञ को भी नौकरी पर रखा है।