जैक डॉर्सी की कंपनी ब्लॉक ने की 40 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी, AI है वजह?
क्या है खबर?
ट्विटर के संस्थापक रहे जैक डॉर्सी की कंपनी ब्लॉक ने बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने करीब 40 प्रतिशत कर्मचारियों को एक झटके में नौकरी से निकाल दिया है। इससे कंपनी का वर्कफोर्स 10,000 से घटकर लगभग 6,000 रह गया है। डॉर्सी ने इसे कंपनी के इतिहास का सबसे कठिन फैसला बताया और कहा कि यह कदम एक स्पष्ट और एकमुश्त कार्रवाई के तौर पर उठाया गया है।
वजह
क्यों लिया गया इतना बड़ा कदम?
डॉर्सी के मुताबिक यह छंटनी कंपनी की आर्थिक कमजोरी के कारण नहीं, बल्कि काम करने के तरीके में बड़े बदलाव की वजह से की गई है। उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स और छोटी, फ्लैट टीमों के साथ कंपनी ज्यादा कुशलता से काम कर सकती है। उन्होंने कहा कि बार-बार छोटी छंटनी करने से कर्मचारियों का मनोबल गिरता है और अनिश्चितता बढ़ती है, इसलिए एक बार में बड़ा फैसला लिया गया है।
पैकेज
प्रभावित कर्मचारियों को मिलेगा पैकेज
कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए 20 हफ्तों की सैलरी और हर साल की सेवा के बदले अतिरिक्त एक हफ्ते का भुगतान देने की घोषणा की है। इसके अलावा, छह महीने का हेल्थ कवर, कॉर्पोरेट डिवाइस और 5,000 डॉलर (लगभग 4.50 लाख रुपये) की सहायता राशि भी दी जाएगी। डॉर्सी ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के काम पर सवाल नहीं है और सभी को सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।
तैयारी
AI-केंद्रित भविष्य की तैयारी
डॉर्सी ने कहा कि ब्लॉक अब अपने हर काम में इंटेलिजेंस और AI को केंद्र में रखेगा। उनका मानना है कि भविष्य में और कंपनियां भी दक्षता बढ़ाने के लिए इसी तरह के बड़े कदम उठा सकती हैं। उन्होंने बचे कर्मचारियों से मिलकर कंपनी को नए मॉडल पर आगे बढ़ाने की अपील की। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी छंटनी जोखिम भरी है, लेकिन एकमुश्त फैसला लंबी अनिश्चितता से बेहतर हो सकता है।