इक्सिगो ने घाटे को 61 करोड़ रुपये के मुनाफे में बदला
ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म इक्सिगो को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 61.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 3.2 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जिसके मुकाबले यह एक शानदार वापसी मानी जा रही है।
कंपनी की आय में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले यह 12.9 फीसदी बढ़कर 321 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।
बस-ट्रेन टिकट बुकिंग से मिली रफ्तार
कंपनी की इस बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान ट्रेन और बस की टिकट बुकिंग का रहा। ट्रेन टिकटों से कंपनी को 149.14 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, वहीं बस की बुकिंग से 81.04 करोड़ रुपये की कमाई हुई। भले ही विमान की बुकिंग में थोड़ी कमी आई हो, फिर भी इक्सिगो के कुल वित्तीय नतीजे बेहतर हुए।
कंपनी का ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पूर्व की कमाई (EBITDA) भी 18.1 करोड़ रुपये के साथ सकारात्मक रही। इसके अलावा, फ्रेशबस में अपनी हिस्सेदारी कम करने से इक्सिगो को 40.66 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फायदा भी हुआ। नतीजों की घोषणा से ठीक पहले शुक्रवार को कंपनी के शेयर की कीमत करीब 6 फीसदी बढ़कर 145.98 रुपये पर पहुंच गई।