इक्सिगो ने ट्रेन बुकिंग प्लेटफॉर्म ट्रेनेस में खरीदी हिस्सेदारी, जानिए क्या है योजना
क्या है खबर?
ट्रैवल एग्रीगेटर इक्सिगो के बोर्ड ने स्पेन के दूसरे सबसे बड़े ट्रेन बुकिंग प्लेटफॉर्म ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस ट्रेनेस में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। इस अधिग्रहण के लिए 125 करोड़ रुपये से अधिक के बाध्यकारी समझौतों पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दे दी है। इससे यूरोपीय OTA बाजार में इक्सिगो के उत्पाद, प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नेतृत्व का लाभ उठाने में मदद मिलेगी, क्योंकि ट्रेनेस ट्रेन टिकट बुकिंग के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रदान करती है।
अधिग्रहण
इस कंपनी का भी किया अधिग्रहण
इक्सिगो के निदेशक मंडल ने स्पेन की स्क्वाड ऐस सर्विस S.L. (स्क्वास) में 45.02 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण को भी मंजूरी दे दी, जिसके लिए कुल 4.83 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। ट्रेनेस के अधिग्रहण के कारण ऑनलाइन ट्रैवल सॉल्यूशंस और स्क्वाड ऐस सर्विस S.L. इक्सिगो की सहायक कंपनी बन जाएगी। कंपनी ने नियामक फाइलिंग में यह जानकारी दी है। ट्रेनेस स्पेनिश बाजार को सेवाएं प्रदान करती है और इसका संचालन दक्षिणी यूरोप तक फैला है।
उद्देश्य
अधिग्रहण के पीछे क्या है कंपनी का उद्देश्य?
एक बयान में कंपनी ने कहा, "यह निवेश ट्रेनेस के मजबूत ग्राहक आधार, ब्रांड उपस्थिति और स्थानीय ऑपरेटर एकीकरण को इक्सिगो के AI-आधारित उत्पाद नवाचार और जटिल यात्रा उपयोग मामलों को बड़े पैमाने पर हल करने में तकनीकी विशेषज्ञता के साथ मिलाकर सार्थक तालमेल बनाने की उम्मीद है।" इसमें आगे कहा है, "इस अधिग्रहण के साथ कंपनी का लक्ष्य ट्रेनेस उत्पाद विकास, AI का पुनर्निर्माण और ग्राहक अनुभव में सुधार करके यूरोप में विकास के नए अवसरों को खोलना है।"