अमेरिका-ईरान युद्ध से IT के शेयर 6 फीसदी तक लुढ़के, रक्षा क्षेत्र को हुआ फायदा
क्या है खबर?
अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते सोमवार (2 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार में हड़कंप मच गया है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से लेकर विप्रो और इंफोसिस समेत अन्य IT शेयरों में 6 फीसदी की और गिरावट आई है। फरवरी में भी इस क्षेत्र ने सितंबर, 2008 के बाद से अपना सबसे खराब मासिक प्रदर्शन दर्ज किया। निवेशकों में इस बात को लेकर चिंता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी क्षेत्र में आय वृद्धि को प्रभावित कर सकती है।
गिरावट
किस शेयर में आई सबसे ज्यादा गिरावट?
निफ्टी IT सूचकांक ने मार्च की शुरुआत 2 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ की और 29,889 पर पहुंच गया, जो इसके 52-सप्ताह के निचले स्तर 29,875 के करीब है। TCS, इंफोसिस, HCL टेक्नोलॉजीज और विप्रो जैसी कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में 1.5-3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। परसिस्टेंट सिस्टम्स सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली कंपनी रही, जिसमें 6 फीसदी की गिरावट आई, वहीं कोफोर्ज में 4.8 फीसदी का नुकसान हुआ है।
नुकसान
पिछले महीने भी हुआ था नुकसान
पिछले महीने IT शेयरों में 10-25 फीसदी की गिरावट आई है। कैपिटलाइन के आंकड़ों के अनुसार, अकेले फरवरी में ही इन शेयरों के बाजार पूंजीकरण से 5.69 लाख करोड़ रुपये की कमी आई। TCS के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले शेयरों में से एक रहे, जिनके बाजार पूंजीकरण में 1.76 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। इसके बाद इंफोसिस का नंबर आता है, जिसके निवेशकों को एक महीने में 1.38 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
फायदा
इन शेयरों को हुआ फायदा
दूसरी तरफ पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते रक्षा क्षेत्र के शेयरों में बढ़त दर्ज हुई है। तेजस नेटवर्क्स, पारस डिफेंस एंड स्पेसेस, आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयरों में 15 फीसदी तक की तेजी आई। विशेषज्ञों के अनुसार, रक्षा क्षेत्र के शेयर आमतौर पर ऐसे संघर्षों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हैं, क्योंकि इससे रक्षा उपकरणों और उनके उत्पादन के लिए आवश्यक घटकों की मांग बढ़ जाती है।