AI से IT सेक्टर में 26 फीसदी बढ़ा ऑफिस से काम करने का चलन
भारत के IT सेक्टर में एक बड़ा बदलाव आया है। इस साल ऑफिस से काम करने (WFO) के मौकों में 26 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ये मौके 72,000 से बढ़कर 92,000 हो गए हैं।
दूसरी तरफ, घर से काम करने (WFH) की नौकरियों में 21 फीसदी की कमी आई है और अब इनकी संख्या केवल 11,000 रह गई है।
इस बदलाव की मुख्य वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन का बढ़ता इस्तेमाल है। ये नई तकनीकें टीमों के काम करने का तरीका बदल रही हैं, जिस कारण कंपनियां एक बार फिर ऑफिस में काम कराने पर ध्यान दे रही हैं।
कंपनियां लंबे समय के नतीजों पर दे रहीं ध्यान
ज्यादा AI के इस्तेमाल से अब घर से होने वाले रोजमर्रा के कई काम अपने आप हो रहे हैं। ऐसे में कंपनियां उन लोगों को ढूंढ रही हैं, जो टीम के साथ मिलकर काम कर सकें, सीधे ग्राहकों से बात कर सकें या किसी खास काम को ऑफिस में रहकर संभाल सकें।
केयरनेट के मुख्य बिजनेस अधिकारी नीलाभ शुक्ला का कहना है कि अभी करियर शुरू कर रहे नए लोगों के लिए हाथों से काम सीखकर अनुभव लेना बहुत अहम है।
कंपनियों का यह भी कहना है कि वे रिमोट काम से मिलने वाली फौरी बचत की बजाय लंबे समय के लिए बेहतर नतीजे और उत्पादकता पर ध्यान दे रही हैं। हाइब्रिड नौकरियों में भी थोड़ी गिरावट आई है क्योंकि अब ऑफिस ट्रेनिंग और टीम वर्क पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।