IRDAI नवंबर तक ला रहा बीमा सुगम प्लेटफॉर्म, जानिए क्या करेगा काम
भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) बीमा सुगम नाम का एक डिजिटल मार्केटप्लेस लाने जा रहा है, जो इसी नवंबर तक शुरू हो जाएगा।
इसकी मदद से आप एक ही जगह पर अलग-अलग कंपनियों के प्लान देख सकेंगे, उनकी तुलना कर सकेंगे और अपनी पसंद का प्लान चुन सकेंगे।
हालांकि, 2022 में इसका प्रस्ताव आने के बाद कुछ देरी हुई थी, लेकिन अब यह आखिरकार लॉन्च होने जा रहा है।
प्लेटफॉर्म UPI की तरह ला सकता है बदलाव
IRDAI अध्यक्ष अजय सेठ का कहना है कि बीमा सुगम बीमा सेक्टर में उतना ही बड़ा बदलाव ला सकता है, जितना पेमेंट सिस्टम में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ने किया।
यह प्लेटफॉर्म मुनाफा कमाने के मकसद से नहीं होगा। ऐसे में बीमा कंपनियां केवल कमीशन के बजाय गुणवत्ता और वैल्यू के आधार पर मुकाबला करेंगी।
सभी बीमा कंपनियों को इस साझा प्लेटफॉर्म पर जगह मिलेगी और एक साझा डाटा सिस्टम (पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री) चीजों को निष्पक्ष रखने में मदद करेगा।
इसकी शुरुआत चरणबद्ध तरीके से होगी, ताकि लोग खुद आसानी से बीमा खरीद सकें और पारंपरिक बीमा एजेंट्स की भूमिका भी बनी रहे।