IRDAI ने दिया पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री का प्रस्ताव, बीमा पॉलिसी चुनना होगा आसान
भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री (PIR) का प्रस्ताव दिया है। इसका लक्ष्य बीमा को और ज्यादा पारदर्शी बनाने के साथ-साथ इसे लोगों के लिए समझना और इस्तेमाल करना आसान बनाना है।
यह रजिस्ट्री बीमा उत्पादों, कंपनियों, उनके वितरकों और ग्राहकों से जुड़ी हर जानकारी को एक जगह ले आएगी। इससे बीमा कंपनियों को उस कमीशन व्यवस्था से भी आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है, जो अभी केवल ज्यादा बिक्री पर आधारित होती है।
आसानी से कर पाएंगे पॉलिसी की तुलना
PIR के आने से ग्राहक अलग-अलग बीमा कंपनियों के प्रीमियम, फायदों, क्लेम के रिकॉर्ड और शिकायतों की आसानी से तुलना कर पाएंगे। इससे उन्हें अपने लिए सही पॉलिसी चुनना बहुत आसान हो जाएगा।
IRDAI के अध्यक्ष अजय सेठ बताते हैं कि इस पहल का मकसद बीमा से जुड़े डाटा को एक ऐसा सार्वजनिक संसाधन बनाना है, जिससे हर किसी को फायदा मिल सके। इस तरह, वितरण खर्चों में कमी आने से आने वाले समय में पॉलिसियां भी सस्ती हो सकती हैं।