IRDAI तय करना चाहता है बीमा पॉलिसी एजेंट्स की जवाबदेही
भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) के प्रमुख अजय सेठ चाहते हैं कि इंश्योरेंस बेचने वालों की जवाबदेही तय हो।
उन्होंने 25 जुलाई को दिल्ली में हुए एक बड़े इंडस्ट्री इवेंट में कहा कि हर पॉलिसी को बेचने वाले एजेंट या पॉइंट-ऑफ-सेल पर्सन (POSP) के साथ जोड़ा जाना चाहिए।
ऐसा करने से अगर, पॉलिसी में कोई समस्या आती है तो यह आसानी से पता चल सकेगा कि उसके लिए कौन जिम्मेदार है।
पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री की वकालत
सेठ पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री बनाने की वकालत कर रहे हैं। उनका मानना है कि इससे खरीदार यह जान पाएंगे कि उनकी पॉलिसी किसने बेची है।
यह बात ऐसे समय में कही गई है, जब अनुचित व्यावसायिक तरीकों से जुड़ी शिकायतें वित्त वर्ष 2025 में 14 फीसदी बढ़कर 26,667 तक पहुंच गई हैं।
उन्होंने डिजिटल 'डार्क पैटर्न' की भी आलोचना की और इंश्योरेंस कंपनियों से शिकायतों की ठीक से जांच करने को कहा।
इसके अलावा, उन्होंने सुझाव दिया कि सिर्फ बिक्री के आंकड़ों के बजाय ईमानदार सिफारिशों को सराहा जाए और इंश्योरेंस उत्पादों को उन लोगों के लिए सस्ता बनाया जाए, जो आमतौर पर बीमा की पहुंच से दूर रहते हैं।