रिटायरमेंट के बाद नहीं आएगी पैसों की कमी, इस योजना से हर महीने होगी कमाई
क्या है खबर?
रिटायरमेंट के बाद लोगों के सामने खर्चा चलाना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि वेतन बंद हो जाता है और जिंदगी की जरूरतें और जिम्मेदारियां पहले की तरह चलती रहती हैं। ऐसे में पैसों की जरूरताें को पूरा करना आसान नहीं होता। ऐसे में बुढ़ापा अच्छे से कट जाए, उसके लिए अच्छी जगह निवेश करना जरूरी है, जिसमें पैसा भी सुरक्षित रहे और हर महीने कमाई भी होती रहे। आइये जानते हैं रिटायरमेंट के बाद किस स्कीम में निवेश सही रहेगा।
SCSS
क्या है SCSS योजना की पात्रता?
रिटायरमेंट के बाद सुरक्षित और स्थायी आय चाह रहे हैं तो डाकघर की वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) बेहतर विकल्प है। यह 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए सरकार द्वारा समर्थित रिटायरमेंट स्कीम है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से लेकर 30 लाख रुपये तक 5 वर्षों की अवधि के लिए निवेश कर सकते हैं, जिस पर वार्षिक 8.2 फीसदी ब्याज मिलेगा। निवेश पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये की छूट मिलती है।
ब्याज
कितना मिलेगा ब्याज?
आप रिटायरमेंट फंड से इस पोस्ट ऑफिस स्कीम में एकमुश्त 30 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको सालाना 8.2 प्रतिशत की दर से कुल 2.46 लाख रुपये का ब्याज मिलेगा। यह ब्याज तिमाही आधार पर दिया जाता है, यानि हर 3 महीने में आपको 61,500 रुपये मिलेंगे। इससे हर महीने 20,500 रुपये की कमाई होगी। अगर, ब्याज को निकालने की बजाय जमा होने देते हैं तो 5 साल बाद आपका निवेश करीब 42 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
आवेदन
ऐसे करें योजना के लिए आवेदन
स्कीम में आवेदन करने के लिए सबसे पहले इंडिया पोस्ट की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करें। इसे आप डाकघर से भी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरकर उसे 2 पासपोर्ट आकार की तस्वीर, पहचान पत्र- पैन कार्ड, वोटर ID, आधार कार्ड, पासपोर्ट, एड्रेस प्रूफ, आयु प्रमाण पत्र के साथ डाकघर में जमा कराएं। सभी दस्तावेज आपके द्वारा सत्यापित होने चाहिए। सारी जानकारी वेरिफाई होने के बाद आपका खाता खुल जाएगा।