इंवेस्को म्यूचुअल फंड ने चांदी में निवेश के लिए पेश की 2 योजनाएं
इंवेस्को म्यूचुअल फंड ने हाल ही में चांदी पर फोकस करने वाली 2 नई योजनाएं पेश की हैं। इनमें इंवेस्को इंडिया सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) और इंवेस्को इंडिया सिल्वर ETF फंड ऑफ FoF शामिल हैं।
दोनों स्कीमों में 27 अक्टूबर से 9 नवंबर तक निवेश किया जा सकेगा। इंवेस्को इंडिया सिल्वर ETF सीधे 99.9 प्रतिशत या उससे ज्यादा शुद्धता वाली फिजिकल चांदी में पैसा लगाता है, वहीं FoF स्कीम आपको म्यूचुअल फंड के जरिए चांदी में निवेश करने की सुविधा देती है। खास बात यह है कि FoF में निवेश करने के लिए आपको डीमैट अकाउंट की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रोजाना 20 रुपये निवेश करने का भी विकल्प
इन स्कीमों में निवेश करना काफी आसान है. सिल्वर ETF में एकमुश्त कम से कम 5,000 रुपये लगाने होंगे। दूसरी तरफ, FoF में आप महज 1,000 रुपये से शुरुआत कर सकते हें और बाद में एक रुपये जितनी छोटी रकम भी जोड़ सकते हैं।
FoF लचीली सिस्टमैटिक इंवेस्टमेंट प्लान (SIP) की सुविधा भी देता है। आप डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके रोजाना 20 रुपये, हर सप्ताह या महीने में 100 रुपये और तिमाही में 300 रुपये की SIP कर सकते हैं।
इस फंड का प्रबंधन अभिषेक बहिनीपति कर रहे हैं। अगर, आप 15 दिनों के भीतर पैसे निकालते हैं तो एक प्रतिशत का एग्जिट लोड लगेगा। इसके बाद पैसे निकालने पर कोई शुल्क नहीं लगता।