इंजेक्टो पॉलीमर्स का 56 करोड़ रुपये का IPO 11 सितंबर को होगा लॉन्च
कोलकाता की कंपनी इंजेक्टो पॉलीमर्स अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) 11 सितंबर को पेश करेगी। इसके जरिए कंपनी 56.12 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।
इसके लिए वो 56.12 लाख शेयर जारी करेगी, जिनकी कीमत 90 से 100 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। यह पेशकश 16 सितंबर को बंद हो जाएगा, जबकि एंकर निवेशक इसके एक दिन पहले 10 सितंबर को बोली लगा सकेंगे।
30.5 करोड़ रुपये के प्लांट विस्तार की योजना
इस IPO से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल इंजेक्टो पॉलीमर्स अपने पश्चिम बंगाल के प्लांट को बड़ा करने में करेगी, जिसके लिए 30.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी 10 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ कर्ज चुकाने के लिए करेगी। बाकी बचे पैसे से अपने सामान्य कामकाज के खर्चे पूरे करेगी।
1998 में बनी यह कंपनी पॉलीमर पैकेजिंग के सामान बनाती है। साथ ही, यह प्लास्टिक ग्रैन्यूल्स और PVC रेजिन का कारोबार भी करती है। हाल के सालों में इसने जबरदस्त तरक्की दिखाई है।
वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का राजस्व 109.79 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 375.83 करोड़ रुपये हो गया। इसी दौरान मुनाफा भी 4.44 करोड़ से बढ़कर 16.01 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस IPO का पूरा काम इंडकैप एडवाइजर्स संभाल रही है।