इंफोसिस 6 क्षेत्रों में AI के अवसरों पर लगाएगी दांव, CEO ने किया खुलासा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विसेज में विकास के 6 क्षेत्र 2030 तक 300 से 400 अरब डॉलर (करीब 27,000-36,000 अरब रुपये) तक के व्यावसायिक अवसर खोल सकते हैं। सॉफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सलिल पारेख ने कहा है कि कंपनी इन्हीं क्षेत्रों में AI-आधारित विकास की अगली लहर को उभरते हुए देखती है। उन्होंने AI के लिए रणनीति, डाटा, प्रक्रिया, एजेंटिक विरासत आधुनिकीकरण, फिजिकल AI और AI ट्रस्ट में विकास की संभावना जताई है।
फिजिकल AI
फिजिकल AI होगा नया कॉन्सेप्ट
इंफोसिस इंवेस्टर AI डे पर पारेख ने कहा कि इस ढांचे के भीतर विरासत आधुनिकीकरण सबसे बड़े अवसरों में से एक का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने समझाया कि फिजिकल AI एक नया कॉन्सेप्ट है, जहां AI सॉफ्टवेयर को सीधे डिवाइस में एम्बेड किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इंफोसिस अपनी साझेदारी सिस्टम का विस्तार कर रही है और भविष्य के लिए तैयार AI क्षमताओं का निर्माण करने के लिए इस साल 20,000 कॉलेज स्नातकों की भर्ती की है।
ग्राहक
ज्यादातर ग्राहक सौंप रहे AI-आधारित काम
कंपनी प्रमुख ने बताया कि इंफोसिस अपने शीर्ष 200 बड़े ग्राहकों में से 90 फीसदी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का काम करती है। उन्होंने कहा, "हमारे ग्राहकों से हमें जो जानकारी मिली है, उससे पता चलता है कि वे AI पहलों को आगे बढ़ाने और उन्हें सफलतापूर्वक लागू करने के लिए कंपनी पर भरोसा करते हैं।" पारेख की इस टिप्पणी के बाद कंपनी के शेयर की कीमत में तेजी आई और यह 4.32 फीसदी बढ़कर 1,424.60 रुपये/शेयर पर पहुंच गई।