इंडो-MIM का IPO कल होगा लॉन्च, 3,812 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
बेंगलुरु की मेटल इंजेक्शन मोल्डिंग कंपनी इंडो-MIM अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) ला रही है। कंपनी का IPO 23 जुलाई को खुलेगा और 27 जुलाई को बंद होगा।
इसके शेयरों की कीमत 461 से 485 रुपये के बीच तय की गई है। नए शेयर जारी करके कंपनी 500 करोड़ रुपये जुटाएगी।
साथ ही, ग्रीन मीडोज इंवेस्टमेंट्स, अनुराधा कोडुरी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास जैसे बड़े शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी भी बेच रहे हैं, जिससे 3,312 करोड़ रुपये तक जुटाए जाएंगे।
जुटाए पैसे से चुकाएगी कर्ज
कंपनी जुटाए गए पैसे का ज्यादातर हिस्सा 400 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने में इस्तेमाल करेगी। बाकी बचे पैसों का उपयोग दूसरी कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।
शेयरों की लिस्टिंग 30 जुलाई तक बाॅम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर होने की उम्मीद है।
अगर, IPO का दाम ऊपरी स्तर पर रहता है तो कंपनी की बाजार पूंजी करीब 24,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
इंडो-MIM की फैक्ट्रियां भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और मेक्सिको में हैं। यह कंपनी कारों से लेकर हेल्थकेयर तक के उद्योगों के लिए 9,000 से भी ज्यादा पुर्जे बनाती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 26 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है।