इंडिगो ने पायलट और क्रू स्टाफ में किया इजाफा, जानिए क्यों उठाया यह कदम
क्या है खबर?
इंडिगो ने उड़ान ड्यूटी समय सीमा (FDTL) मानदंडों के पूरा करने के लिए पायलट की भर्ती कर ली है। एयरलाइन ने क्रू बफर को बढ़ाकर 3 फीसदी कर दिया है और स्टैंडबाय पायलटों की संख्या को भी बढ़ाया है। इन सुधारों के कारण सरकारी अधिकारियों को उम्मीद है कि 10 फरवरी को FDTL छूट समाप्त होने पर न्यूनतम व्यवधान होगा। कंपनी की ओर से ये सुधारात्मक उपाय दिसंबर, 2025 में हुई एक बड़ी परिचालन गड़बड़ी के बाद किए गए हैं।
आकलन
सरकार ने किया था आकलन
वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, "हम FDTL उल्लंघनों के कारण उड़ानों में न्यूनतम व्यवधान की उम्मीद कर रहे हैं।" एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 6 फरवरी को एयरलाइन के परिचालन की समीक्षा में पाया गया कि इंडिगो सही दिशा में चल रही है। सरकारी आकलन एयरलाइन की संशोधित रोस्टरिंग योजनाओं पर आधारित हैं, जो प्रति विमान पायलट क्रू सेट की संख्या में वृद्धि दर्शाती हैं, जो परिचालन क्षमता का एक प्रमुख मापदंड है।
सुधार
एयरलाइन ने किए ये बदलाव
सरकारी अधिकारी ने बताया, "एयरलाइन ने प्रति विमान 7 क्रू सेट के हिसाब से परिचालन की योजना बनाना शुरू कर दिया है, फरवरी के रोस्टर में 7.2 सेट दिखाए गए हैं, जो जनवरी के 7.1 से अधिक है।" यह गणना लगभग 1,862 दैनिक उड़ानों और प्रति यात्रा 3.99 घंटे के औसत ब्लॉक समय पर आधारित है। ये सुधारात्मक उपाय दिसंबर, 2025 में हुई बड़ी परिचालन गड़बड़ी के बाद किए गए, जब 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।