इंडिगो के CEO ने वीडियो संदेश जारी कर दी संचालन के मौजूदा हालात की जानकारी
क्या है खबर?
इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने एक नया वीडियो संदेश जारी कर कर्मचारियों से एयरलाइन संचालन के मौजूदा हालात के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि कठिन दौर के बाद इंडिगो अब फिर से मजबूत स्थिति में लौट आई है। एल्बर्स के मुताबिक, सबसे बुरा समय पीछे छूट चुका है और एयरलाइन के ऑपरेशन अब स्थिर हो गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इंडिगो ने अपना नेटवर्क दोबारा बढ़ाकर 2,200 उड़ानों तक पहुंचा दिया है।
बाजार
शेयर बाजार में दिखा भरोसा
CEO के इस बयान का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। BSE पर शेयर सपाट खुलने के बाद कारोबार के दौरान 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। दोपहर तक स्टॉक करीब 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,126 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखा। निवेशकों ने ऑपरेशन में सुधार और भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेतों का स्वागत किया।
रणनीति
फ्लाइट कैंसिलेशन और आगे की रणनीति
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में इंडिगो को कई दिनों तक बड़े पैमाने पर फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी थीं। इस मामले में DGCA ने एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों से जवाब भी मांगा है। एल्बर्स ने कहा कि अब फोकस तीन बातों पर रहेगा, लचीलापन बढ़ाना, समस्याओं की असली वजह का विश्लेषण करना और सिस्टम को दोबारा मजबूत बनाना। इसके लिए एक बाहरी एविएशन एक्सपर्ट से भी समीक्षा कराई जाएगी।
भविष्य
टीमवर्क और भविष्य की दिशा
एल्बर्स ने पायलट, केबिन क्रू, एयरपोर्ट स्टाफ और कस्टमर सर्विस टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क की वजह से ही इंडिगो इतनी जल्दी संभल पाई है। उन्होंने बताया कि लीडरशिप टीम कर्मचारियों से सीधे संवाद करेगी और फीडबैक लेगी। एल्बर्स ने इंडिगो के 19 साल के सफर को याद करते हुए कहा कि कंपनी भरोसेमंद सेवा, अनुशासन और ग्राहक फोकस के साथ आगे भी देश की सेवा करती रहेगी।