LOADING...
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा

इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी

Mar 10, 2026
06:26 pm

क्या है खबर?

इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बताया कि उनका इस्तीफा 10 मार्च, 2026 को बिजनेस घंटे खत्म होने के बाद प्रभावी हो गया। एल्बर्स पहले KLM रॉयल डच एयरलाइंस के CEO रह चुके हैं। उन्हें इंडिगो में कंपनी की आगे की ग्रोथ और इंटरनेशनल विस्तार को मजबूत करने के उद्देश्य से शामिल किया गया था और वह एयरलाइन के रणनीतिक विकास को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

वजह

ऑपरेशनल संकट के बाद आया फैसला

रिपोर्ट के मुताबिक, एल्बर्स का इस्तीफा एयरलाइन में पिछले कुछ महीनों से चल रहे ऑपरेशनल संकट के बाद आया है। दिसंबर, 2025 में कंपनी को DGCA के नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम नियमों का पालन न करने की वजह से हजारों फ्लाइट रद्द करनी पड़ी थीं। पायलटों की कमी के कारण 2 से 12 दिसंबर के बीच करीब 4,500 उड़ानें कैंसिल हुईं। इस वजह से कंपनी को यात्रियों को बड़ा रिफंड देना पड़ा और आर्थिक असर भी पड़ा है।

पदभार

राहुल भाटिया संभालेंगे कंपनी का कामकाज

एल्बर्स के इस्तीफे के बाद इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया फिलहाल कंपनी के मैनेजमेंट और ऑपरेशन की जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ने कहा है कि यह व्यवस्था तब तक रहेगी जब तक नए CEO की नियुक्ति नहीं हो जाती। बोर्ड के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा कि राहुल भाटिया कंपनी के कल्चर को मजबूत करने और ऑपरेशनल व्यवस्था को बेहतर बनाने पर ध्यान देंगे। नए नेतृत्व के बारे में जल्द घोषणा होने की उम्मीद है।

Advertisement

नुकसान

कंपनी को हुआ आर्थिक नुकसान

दिसंबर के ऑपरेशनल संकट का असर कंपनी के वित्तीय नतीजों पर भी पड़ा है। सरकार ने इंडिगो को यात्रियों को 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का रिफंड देने का निर्देश दिया था और कंपनी पर 22 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इन घटनाओं के बाद एयरलाइन के Q3 FY26 के नेट प्रॉफिट में करीब 77 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी ने कहा है कि वह अपनी सेवाओं और संचालन को मजबूत करने पर काम जारी रखेगी।

Advertisement