भारत ने बनाया सोलर सेल में 40GW उत्पादन क्षमता का नया रिकॉर्ड
भारत की सोलर सेल बनाने की क्षमता मार्च तक 40 गीगावाट (GW) पहुंच गई है। यह उपलब्धि तब हासिल हुई है, जब नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) 1 जून से सोलर सेल के लिए सख्त अनुमोदित मॉडल और निर्माताओं की सूची (ALMM) नियम लागू करने वाला है।
इस साल की पहली तिमाही में ही 5GW की अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है। देश के स्वच्छ ऊर्जा अभियान के लिए यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
घरेलू उत्पादन 27.23 गीगावाट दर्ज
ALMM नीति के कारण देश में सोलर सेल का उत्पादन बढ़ा है। फिलहाल, 27.23GW की क्षमता का घरेलू उत्पादन दर्ज किया जा चुका है।
इस साल कॉस्मिक पावर, वेबसोल एनर्जी, जुपिटर इंटरनेशनल और प्रीमियर एनर्जीज जैसी कंपनियों ने इस बढ़ोतरी में अहम भूमिका निभाई है।
MNRE ने साफ किया है कि समय सीमा बढ़ाने के लिए कोई सामूहिक छूट नहीं दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर डेवलपर्स को 30 जून तक व्यक्तिगत रूप से आवेदन करना होगा।
1 जून से पहले शुरू हुए नेट-मीटरिंग और ओपन एक्सेस प्रोजेक्ट्स पर ये नए नियम लागू नहीं होंगे, लेकिन इस तारीख के बाद शुरू होने वाले सभी प्रोजेक्ट्स को अपडेटेड गाइडलाइंस का पालन करना होगा।