भारत का सेवा निर्यात जुलाई में 38 अरब डॉलर के पार, RBI ने जारी किए आंकड़े
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में भारत का सेवा निर्यात सालाना 13.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 38.25 अरब डॉलर (करीब 3,600 अरब रुपये) तक पहुंच गया है।
इसी महीने आयात भी 19.1 फीसदी बढ़कर 20.61 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) पर पहुंच गया। इस बढ़ोतरी के बाद भारत का व्यापार अधिशेष (ट्रेड सरप्लस) 17.65 अरब डॉलर (करीब 1,600 अरब रुपये) रहा।
अगर, जून के आंकड़ों से तुलना करें तो निर्यात में 5.2 फीसदी की वृद्धि हुई है, जबकि आयात 11.5 फीसदी बढ़ा है।
अप्रैल-जुलाई के बीच 145 अरब डॉलर रहा सेवा निर्यात
RBI ने मंगलवार (1 सितंबर) को अपने अस्थायी आंकड़े जारी किए हैं। इनके मुताबिक, इस साल अप्रैल से जुलाई के बीच भारत का सेवा निर्यात कुल 145 अरब डॉलर (करीब 13,000 अरब रुपये) रहा। इसी अवधि में आयात 75.14 अरब डॉलर (करीब 7,100 अरब रुपये) तक पहुंच गया। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि इस समय भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार में जोरदार रफ्तार बनी हुई है।