अगले महीने बाजार में आ रहे 12 से ज्यादा IPO, 25,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
अगस्त भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी हलचल भरा रहने वाला है। इस दौरान एक दर्जन से भी ज्यादा कंपनियां अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में हैं।
इनमें जेप्टो, शिपरोकेट और ट्रूहोम फाइनेंस जैसी जानी-मानी कंपनियां भी शामिल हैं। इन सभी की योजना मिलकर 25,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की पूंजी जुटाने की है।
यह ऐसे समय में हो रहा है, जब बाजार स्थिर नजर आ रहे हैं और निवेशकों का भरोसा भी लौट रहा है। इन IPO में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ बिक्री के लिए प्रस्ताव (OFS) का हिस्सा भी होगा।
जेप्टो का होगा इनमें सबसे बड़ा IPO
इनमें जेप्टो सबसे बड़ा IPO लेकर आ रही है। इस कंपनी का निर्गम 8,010 करोड़ रुपये तक का है, जिसमें बिक्री के लिए प्रस्ताव (OFS) का बड़ा हिस्सा भी शामिल है।
दूसरी तरफ, ट्रूहोम फाइनेंस 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह राशि नए शेयर और OFS के जरिए बराबर-बराबर जुटाई जाएगी।
इसी प्रकार, शिपरोकेट भी 2,342.35 करोड़ रुपये इकट्ठा करने की योजना बना रही है, जिसमें नए शेयर और OFS दोनों शामिल होंगे।
इसके अलावा, एलीवेट कैंपसेस, इनोवेटिव्यू इंडिया और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड जैसी कई और कंपनियां भी इस महीने IPO लाने वाली हैं।
बाजार विशेषज्ञ भवेश शाह का अनुमान है कि अगर, यही रफ्तार बनी रहती है तो इस साल भारतीय IPO बाजार से करीब 20 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) की पूंजी जुटाई जा सकती है।