भारत का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स बाजार 2030 तक जा सकता है 3 लाख करोड़ रुपये के पार
BCG और CII की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत का टीवी, फ्रिज और गैजेट्स जैसे सामान का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स बाजार हर साल 8 से 10 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद है।
2030 तक इस बाजार का आकार 3 से 3.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। दरअसल, पूरे देश में लोगों की आय बढ़ रही है, जिसकी वजह से वे ज्यादा अप्लायंसेज खरीद रहे हैं. यही वजह है कि इस बाजार में इतनी तेजी आ रही है.
R&D में निवेश बढ़ाने की मांग
2030 तक इन उत्पादों के ज्यादातर पार्ट्स (लगभग 80 फीसदी) भारत में ही बनने लगेंगे। इनमें टीवी पैनल और AC कंप्रेसर जैसे खास पार्ट्स भी शामिल हैं, लेकिन अभी भी वैश्विक व्यापार में भारत की हिस्सेदारी एक फीसदी से कम है।
रिपोर्ट का कहना है कि दुनियाभर में प्रतिस्पर्धा करने के लिए देश में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाना और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) में ज्यादा निवेश करना जरूरी है। रिपोर्ट बताती है कि भारत की शीर्ष कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियां फिलहाल अपने राजस्व का एक फीसदी से भी कम हिस्सा R&D पर खर्च करती हैं।