भारतीय स्टार्टअप्स की फंडिंग में इस सप्ताह 72 फीसदी की गिरावट
इंक42 के मुताबिक, 5 से 10 अक्टूबर के बीच भारतीय स्टार्टअप्स ने 28 फंडिंग सौदों के जरिए कुल 11.335 करोड़ डॉलर (करीब 1,000 करोड़ रुपये) का निवेश हासिल किया।
यह पिछले सप्ताह के लगभग 41.146 करोड़ डॉलर (करीब 3,900 करोड़ रुपये) के मुकाबले 72 फीसदी से भी ज्यादा की बड़ी गिरावट है।
इसके बावजूद, कुछ कंपनियों को अच्छा-खासा निवेश मिला है। डेलीऑब्जेक्ट्स इस दौरान लगभग 3.5 करोड़ डॉलर (करीब 330 करोड़ रुपये) की सीरीज-C फंडिंग हासिल कर सबसे आगे रहा। बियॉन्ड अप्लायंसेज और नियोग्रोथ को भी इस सप्ताह अच्छा निवेश मिला है।
फंडिंग में ई-कॉमर्स रहा सबसे आगे
इस सप्ताह हुए सौदों में ई-कॉमर्स सेक्टर सबसे व्यस्त रहा, जिसमें कुल 8 समझौते हुए। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में 5 और हेल्थटेक में 4 डील्स हुईं।
मैरिको ने सतीया न्यूट्रास्यूटिकल्स में अपनी हिस्सेदारी 24.09 फीसदी और बढ़ाई, वहीं इस सप्ताह के 2 बड़े विलय में से एक में हूला हेल्थ ने अपटॉड को खरीद लिया।
क्वानफ्लुएंस और बाइटएक्सएल जैसे शुरुआती दौर के स्टार्टअप्स को भी निवेशकों का मजबूत समर्थन मिला, जो बताता है कि निवेशक नई उभरती टेक्नोलॉजी में अभी भी काफी रुचि रखते हैं।