IOB ने पेश किया डिजिटल रुपया ऐप, जानिए क्या मिलेंगे इसके फायदे
इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने हाल ही में अपना IOB डिजिटल रुपया ऐप पेश किया है। इस ऐप के जरिए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) का इस्तेमाल करके दोस्तों को या दुकान पर भुगतान करना बेहद आसान हो जाएगा।
इसे डिजिटल रुपया (e₹) भी कहते हैं। यह ऐप पर्सन-टू-पर्सन के साथ-साथ पर्सन-टू-मर्चेंट लेन-देन के लिए भी काम करता है। यह यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) से भी जुड़ा हुआ है, जिससे आपको अपने मौजूदा डिजिटल पेमेंट के विकल्पों के साथ एक और नया विकल्प मिलेगा।
ऐप सरकारी योजनाओं का पैसा बांटने में करेगी मदद
यह ऐप केवल पैसे खर्च करने के लिए ही नहीं है, बल्कि इसकी प्रोग्रामेबल CBDC सुविधा के जरिए सरकार सीधे लोगों तक अनुदान और अन्य लाभ भी पहुंचा सकती है।
बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अजय कुमार श्रीवास्तव ने इसे बैंक की डिजिटल यात्रा में एक बड़ा कदम बताया है। उनके मुताबिक, इससे लेन-देन और भी सुरक्षित और सुविधाजनक बनेंगे। बैंक अलग-अलग सरकारी विभागों से सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है, ताकि पी-CBDC आधारित फंड वितरण कार्यक्रमों के लिए स्पॉन्सर बैंक के तौर पर काम करने की संभावनाओं को तलाशा जा सके।