पिछले सप्ताह शेयर बाजार में निवेशकों की पूंजी में 10 लाख करोड़ रुपये का इजाफा
भारतीय शेयर बाजारों ने पिछले सप्ताह दमदार वापसी की है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने लगातार 2 सप्ताह से जारी गिरावट का सिलसिला खत्म कर दिया है।
सेंसेक्स ने 2,000 से ज्यादा अंकों की जबरदस्त छलांग लगाई और 78,094.64 पर बंद हुआ, वही निफ्टी भी 600 से ज्यादा अंक चढ़कर 24,383.60 पर पहुंच गया। इस सप्ताह दोनों प्रमुख इंडेक्स में करीब 3 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में 24 फीसदी तक की तेजी
जून तिमाही के मजबूत नतीजों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPIs) की लगातार खरीदारी से निवेशकों का भरोसा और भी बढ़ा। कच्चे तेल के कम दाम और मानसून की अच्छी प्रगति ने भी बाजार को सहारा दिया।
IT सेक्टर के लिए दिसंबर, 2023 के बाद यह सबसे बेहतरीन सप्ताह रहा, जहां करीब 7 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज की गई।
रेडिंगटन और केयन्स टेक्नोलॉजी जैसे मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तो 24 फीसदी तक की तेजी आई। इन सब के चलते केवल एक सप्ताह में ही भारतीय शेयर बाजार का कुल पूंजीकरण 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गया।