2 दिन की गिरावट के बाद भारतीय IT शेयरों ने की वापसी
भारतीय IT शेयरों में सोमवार को अच्छी वापसी देखने को मिली और लगातार 2 दिनों से चल रही गिरावट रुक गई। निफ्टी IT इंडेक्स 1.2 फीसदी उछला, जिसने शुक्रवार को एक्सेंचर के निराशाजनक मांग अनुमान से हुए नुकसान की कुछ भरपाई की।
यह सुधार एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई की चेतावनी के बाद आया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बड़े वित्तीय जोखिमों की बात कही।
उनका कहना है कि AI पर जिस बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है, उसके लिए मुनाफा इतनी तेजी से कमाना चुनौती भरा है। अगर, रफ्तार थोड़ी भी कम हुई तो खरबों डॉलर के प्लान पर खतरा आ सकता है।
एक्सेंचर ने अपना पूर्वानुमान किया कम
पिछले सप्ताह IT सेक्टर को बड़ा झटका लगा था, जब एक्सेंचर ने अपना राजस्व पूर्वानुमान कम कर दिया था। कंपनी ने बताया कि ईरान संघर्ष के कारण मध्य पूर्व के उसके बिजनेस को 40 करोड़ डॉलर (करीब 3,500 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस और HCL टेक जैसी बड़ी IT कंपनियों के शेयरों में 4 से 8 फीसदी तक की गिरावट देखी गई।
इसके अलावा, तकनीक पर होने वाले खर्च में देरी, वैश्विक अनिश्चितताओं और AI से जुड़ी चुनौतियों को लेकर निवेशक अभी भी सतर्क हैं। फिर भी, मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि सितंबर तिमाही में हालात सुधर सकते हैं।