भारतीय परिवारों ने स्टॉक और म्यूचुअल फंड में रिकॉर्ड 90.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है। भले ही पिछली तिमाही के मुकाबले घरों की इक्विटी होल्डिंग्स लगभग स्थिर रही हो, लेकिन निफ्टी में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट और विदेशी निवेशकों की निकासी के कारण घरेलू इक्विटी की कुल संपत्ति में अनुमानित 87,000 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई।
इस मामूली गिरावट के बावजूद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्टेड कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर रिकॉर्ड 19.5 फीसदी पर पहुंच गई है। यह दिखाता है कि बाजार में उनका भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
निवेश में सालाना 30.3 फीसदी का उछाल
मार्च, 2020 से अब तक परिवारों के स्टॉक निवेश में हर साल 30.3 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी देखी गई है। इस दौरान लगातार 8 तिमाहियों से घरेलू निवेशक, विदेशी निवेशकों से आगे निकल रहे हैं।
इसमें सबसे खास बात यह है कि अब रजिस्टर्ड व्यक्तिगत निवेशकों में से 67.9 फीसदी की उम्र 40 साल से कम है।
यह साफ दर्शाता है कि युवा पीढ़ी भारत के आर्थिक भविष्य को गढ़ने में कितनी अहम भूमिका निभा रही है।