भारतीय कंपनियाें की शेयर बेचकर करीब 1900 अरब रुपये जुटाने की योजना
1 अप्रैल से अब तक करीब 170 भारतीय कंपनियों ने 20 अरब डॉलर (करीब 1900 अरब रुपये) से ज्यादा की रकम शेयर बेचकर जुटाने की योजना बनाई है।
इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) भी शामिल हैं। एक्सिस बैंक और अडाणी पावर जैसी बड़ी कंपनियां (क्रमशः 20,000 करोड़ रुपये और 15,000 करोड़ रुपये) बड़े पैमाने पर फंड जुटाने की सोच रही हैं।
इनके साथ ही, वारी एनर्जीज और इंडसइंड बैंक भी 10,000-10,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। इस पैसे का वे अपने कारोबार को बढ़ाने, नए बिजनेस खरीदने और कंपनियों पर मौजूद कर्ज को कम करने में इस्तेमाल करेंगी।
QIP से 55,000 करोड़ रुपये जुटाए
इस वित्त वर्ष में अब तक 28 कंपनियां QIP के जरिए लगभग 55,000 करोड़ रुपये जुटा चुकी हैं। यह रकम पिछले साल की कुल फंडिंग के लगभग बराबर है। अगर, यही रफ्तार बनी रही तो इस वित्त वर्ष के आखिर तक फंड जुटाने का एक नया रिकॉर्ड बन सकता है। HSBC इंडिया के इंवेस्टमेंट बैंकिंग के सह प्रमुख रणवीर दावड़ा और प्राइम डेटाबेस के प्रबंध निदेशक प्रणव हलदिया का कहना है कि QIP इसलिए लोकप्रिय हैं क्योंकि इनसे कंपनियों को तेजी से बड़ी रकम मिलती है और नए निवेशक भी आकर्षित होते हैं। यह सारी गतिविधियां दिखाती हैं कि भारत के बाजारों में निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है। खासकर कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑटो और इंडस्ट्रियल जैसे सेक्टरों में लोगों की खास दिलचस्पी दिख रही है।