इंडियन बैंक ने दुबई में खोला प्रतिनिधि कार्यालय, प्रवासी भारतीयों से जुड़ेगा सीधा
इंडियन बैंक को दुबई में अपना प्रतिनिधि कार्यालय खोलने की हरी झंडी मिल गई है। बैंक को उम्मीद है कि इस कदम से वह दुबई में रहने वाले बड़े भारतीय समुदाय से जुड़ पाएगा, जो वहां की कुल आबादी का करीब एक तिहाई हिस्सा है।
बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बिनोद कुमार ने कहा कि यह फैसला गांधीनगर के गिफ्ट सिटी में मिली हालिया सफलताओं को और मजबूत करेगा। यह बैंक की वैश्विक स्तर पर विस्तार की बड़ी योजना का हिस्सा है।
अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर होगा विस्तार
दुबई में यह नया कार्यालय बैंक को विदेश में अपना कारोबार बढ़ाने और ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने में सहायक होगा। इंडियन बैंक की शाखाएं पहले से ही सिंगापुर, कोलंबो और जाफना में हैं।
बैंक मलेशिया और इंडोनेशिया में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने की संभावनाओं को तलाश रहा है। घरेलू मोर्चे पर बैंक इस साल 100 नई शाखाएं खोल रहा है, जिनमें से अधिकांश मध्य और पश्चिमी भारत में होंगी।
बढ़ती गतिविधियों के साथ तालमेल बिठाने के लिए बैंक 2,500 और लोगों को भी नियुक्त करेगा।