भारत के AI स्टार्टअप्स ने इस साल अब तक जुटाए करीब 6,700 करोड़ रुपये
इस साल जनवरी से मई के दौरान भारतीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप्स ने कुल 113 सौदों में 72.50 करोड़ डॉलर (करीब 6,700 करोड़ रुपये) जुटाए। यह राशि पिछले साल के मुकाबले करीब 10 फीसदी कम है।
खास बात यह है कि सौदों की संख्या पिछले साल से लगभग 18 फीसदी बढ़ गई है। इस बढ़त में शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
इन स्टार्टअप्स ने 82 सौदों से 45.90 करोड़ डॉलर (करीब 4,250 करोड़ रुपये) का फंड जुटाया। यह पिछले साल के मुकाबले काफी ज्यादा है और अब कुल AI फंडिंग का लगभग 2 तिहाई हिस्सा इन्हीं का है।
एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर को मिला सबसे बड़ा हिस्सा
कुल फंडिंग में एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर का सबसे बड़ा हिस्सा रहा, जिसे 64 सौदों के जरिए 54.20 करोड़ डॉलर (करीब 5,000 करोड़ रुपये) की रकम मिली।
इसके बाद डीपटेक सेक्टर को 12.60 करोड़ डॉलर (करीब 1,200 करोड़ रुपये) का निवेश प्राप्त हुआ। फिनटेक, हेल्थकेयर और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों को भी महत्वपूर्ण निवेश मिला। इन आंकड़ों से साफ है कि निवेशक उन स्टार्टअप्स में अपना पैसा लगा रहे हैं, जो भारत के तेजी से बदलते AI परिदृश्य में वास्तविक समस्याओं को हल कर रहे हैं।