भारतीय AI स्टार्टअप्स ने फंडिंग में तोड़े रिकॉर्ड, अगस्त तक करीब 145 अरब रुपये का निवेश
भारतीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप्स के लिए यह साल बहुत ही शानदार रहा है। अगस्त तक 206 सौदों में कुल 1.56 अरब डॉलर (करीब 145 अरब रुपये) का निवेश जुटाया गया है, जो पिछले पूरे साल की फंडिंग के लगभग बराबर है।
HCL टेक के नेतृत्व में 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,850 करोड़ रुपये) का निवेश हासिल करने वाली सर्वम AI और 13 करोड़ डॉलर (करीब 1,230 करोड़ रुपये) जुटाने वाली इमरजेंट जैसी बड़ी कंपनियां इस दौड़ में सबसे आगे हैं।
उनकी इस सफलता के पीछे कमाई में शानदार बढ़ोतरी और दुनियाभर में AI की बढ़ती मांग का बड़ा हाथ है।
कुल निवेश में हिस्सेदारी 23 फीसदी से ज्यादा
एमा, एमस्टैक AI, सिम्प्लिसमार्ट और यूनिफाईएप्स जैसे स्टार्टअप्स अब 5-8 करोड़ डॉलर (करीब 475-760 करोड़ रुपये) की नई फंडिंग के लिए बातचीत कर रहे हैं।
खास बात यह है कि निवेशकों को ये कंपनियां बिना सिलिकॉन वैली जैसे बड़े बजट के ही तेजी से आगे बढ़ती दिख रही हैं। दरअसल, भारत में कुल वेंचर कैपिटल डील्स में AI स्टार्टअप्स की हिस्सेदारी 23 फीसदी से ज्यादा हो गई है, जबकि पिछले साल यह 15 फीसदी थी। नए और पुराने निवेशक दोनों ही इस क्षेत्र में खुलकर दिलचस्पी ले रहे हैं।