भारत की शीर्ष 8 कंपनियों की वैल्यू 1.87 लाख करोड़ रुपये बढ़ी
क्या है खबर?
शेयर बाजार में आई मजबूती का असर सीधे बड़ी कंपनियों पर देखने को मिला है। हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार, देश की टॉप 10 कंपनियों में से 8 की कुल मार्केट वैल्यू में करीब 1,87,497 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। यह बढ़त ऐसे समय में आई जब बाजार में सकारात्मक रुझान बना रहा। निवेशकों की सक्रियता और बेहतर माहौल के कारण ज्यादातर कंपनियों की वैल्यू में अच्छी तेजी दर्ज की गई।
एयरटेल
भारती एयरटेल सबसे आगे रही
इस बढ़त में भारती एयरटेल सबसे ज्यादा फायदा उठाने वाली कंपनी बनी है। कंपनी की मार्केट वैल्यू करीब 58,831 करोड़ रुपये बढ़कर 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई। इसके अलावा, LIC, TCS और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों की वैल्यू में भी मजबूत बढ़त देखने को मिली। लार्सन एंड टूब्रो, ICICI बैंक, SBI और इंफोसिस जैसी कंपनियों ने भी इस तेजी में अच्छा प्रदर्शन किया और निवेशकों को लाभ पहुंचाया।
कारण
बाजार में तेजी के पीछे ये कारण
पिछले हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बढ़त दर्ज हुई। सेंसेक्स करीब 943 अंक और निफ्टी करीब 302 अंक चढ़ा। जानकारों के अनुसार, वैश्विक तनाव में कमी और निवेशकों के बेहतर भरोसे ने बाजार को सपोर्ट किया। अमेरिका और ईरान के बीच शांति की उम्मीद से भी सकारात्मक माहौल बना। इसके साथ ही देश के आर्थिक हालात स्थिर रहने से बाजार में लगातार दूसरे हफ्ते भी तेजी देखने को मिली।
नुकसान
कुछ कंपनियों को नुकसान भी हुआ
इन दौरान देश की सभी बड़ी कंपनियों को फायदा नहीं हुआ है। HDFC बैंक की मार्केट वैल्यू करीब 16,163 करोड़ रुपये घट गई। वहीं बजाज फाइनेंस में भी गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी बनी रही। इसके बाद HDFC बैंक और भारती एयरटेल का स्थान रहा। कुल मिलाकर, ज्यादातर बड़ी कंपनियों के लिए यह हफ्ता सकारात्मक रहा, लेकिन कुछ कंपनियों को नुकसान भी झेलना पड़ा।