भारत ने सितंबर में तोड़ा क्रूड ऑयल का आयात रिकॉर्ड, जोखिमों के बीच निकाले नए रास्ते
भारत ने इस सितंबर में हर दिन 52.6 लाख बैरल कच्चे तेल का आयात कर 2026 का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते जोखिमों के बावजूद भारतीय तेल रिफाइनरियां लगातार तेल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए खाड़ी देशों पर ज्यादा भरोसा कर रही हैं।
इसके अलावा, वे कुछ दूसरे शिपिंग तरीकों का भी इस्तेमाल कर रही हैं। इसे तहत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान के पास जहाजों के बीच तेल बदलने के लिए टैंकर अपने ट्रैकिंग सिस्टम को बंद कर देते हैं।
खाड़ी के सप्लायर्स ने बढ़ाया निर्यात
पिछले महीने इराक, सऊदी अरब और UAE भारत को तेल सप्लाई करने वाले मुख्य देशों में शामिल थे। कुवैत ने भी अपना निर्यात बढ़ाकर इस साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया।
इसके अलावा, सऊदी अरब ने लाल सागर से तेल की शिपमेंट बढ़ाने के लिए अपनी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को दोबारा शुरू कर दिया है। इन सब कदमों से रिफाइनरियों के पास कई और विकल्प आ गए हैं। यह ऐसे समय में खास तौर पर अहम है, जब रूसी तेल पर नए टैक्स लगने की भी आशंका बनी हुई है।