भारत अब दुनिया में चौथे नंबर पर आ गया है, जिसके पास 3,760 अरब डॉलर (3.5 लाख अरब रुपये) की अमूर्त संपत्ति (गैर-भौतिक संपत्ति) है।
ब्रांड फाइनेंस की ताजा गिफ्ट रिपोर्ट बताती है कि इस संपत्ति में ब्रांड वैल्यू, बौद्धिक संपदा और ग्राहकों से रिश्ते जैसी चीजें शामिल हैं। यह आंकड़ा भारतीय कंपनियों के कुल मूल्यांकन का 68 फीसदी बैठता है।
इस मामले में भारत ने दक्षिण कोरिया, चीन और जापान जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। यह साफ दिखाता है कि कंपनी की साख और नए आइडिया जैसी अदृश्य चीजें कारोबार को पहले से कहीं ज्यादा रफ्तार दे रही हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर, फाइनेंस सेक्टर सबसे आगे
भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर और फाइनेंस सेक्टर इस समय अमूर्त संपत्तियों के मामले में सबसे आगे चल रहे हैं। इस साल अडाणी पावर की अमूर्त संपत्ति में 76 फीसदी का उछाल आया है, वहीं बजाज ऑटो ने भी 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है।
हालांकि, स्थिति हमेशा एक जैसी नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बदलते दौर में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस जैसी बड़ी IT कंपनियों को अपनी जगह बनाए रखने में मुश्किल हो रही है।
रिलायंस इंडस्ट्री्स भले ही भारत की सबसे बड़ी खिलाड़ी बनी हुई है, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते वह दुनिया की शीर्ष-100 कंपनियों की सूची से बाहर हो गई है।
कंपनियां तैयार कर रहीं खुद की बौद्धिक संपदा
ब्रांड फाइनेंस इंडिया के प्रबंध निदेशक अजिमोन फ्रांसिस इस बात पर जोर देते हैं कि कंपनियां आगे बढ़ने के लिए अपनी खुद की बौद्धिक संपदा तैयार करने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों का ठीक से प्रबंधन करना और उनकी जानकारी देना कंपनियों को लंबे समय तक मुकाबले में बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होगा।