भारत का 2047 तक स्टील उत्पादन 60 करोड़ टन से ज्यादा करने का लक्ष्य
भारत ने हाल ही में एक मसौदा योजना जारी की है। इस योजना के तहत 2047 तक देश की स्टील उत्पादन क्षमता को लगभग 22 करोड़ टन से बढ़ाकर 60.40 करोड़ टन करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह नीति फिलहाल सार्वजनिक राय जानने के लिए खुली है। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान इस बात पर दिया गया है कि स्टील उत्पादन में इस बड़ी बढ़ोतरी के लिए कच्चे माल की कोई कमी न हो।
साथ ही इस योजना में स्टील सेक्टर में कार्बन उत्सर्जन घटाने पर भी खास जोर दिया गया है। इसका मकसद उत्पादन को स्वच्छ बनाना है, जिससे भारत 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल कर सके।
विदेशी में कच्चा लोहा खदानों पर नजर
इस बड़े लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार की नजर विदेशों में मौजूद उच्च गुणवत्ता वाले आयरन ओर (कच्चा लोहा) की खदानों पर है। सरकार विदेशी कंपनियों के साथ मिलकर इन खदानों को खरीदने की योजना बना रही है।
इतना ही नहीं, कोकिंग कोल की आपूर्ति को लेकर भी सरकार अलग-अलग स्रोतों से खरीद पर विचार कर रही है, ताकि भविष्य में इसकी कमी न हो। इन सभी कदमों का मकसद बढ़ती मांग के बीच देश के स्टील उद्योग को मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखना है।