भारत-ओमान के बीच 1 जून से शुरू होगा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता
भारत और ओमान के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) 1 जून से लागू होने जा रहा है, जो द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों देश सोमवार को इस निर्णय की औपचारिक घोषणा करेंगे।
इसके तहत भारत से निर्यात होने वाले सामान जैसे- कपड़ा, कृषि उत्पाद और औद्योगिक वस्तुएं, ओमान के बाजार में बिना किसी शुल्क के आसानी से बिक पाएंगे।
यह समझौता केवल वस्तुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ओमान में नौकरी ढूंढ रहे भारतीय पेशेवरों के लिए भी नए अवसर खोलेगा।
भारतीय सामानों पर ओमान ने हटाई 5 फीसदी ड्यूटी
इस CEPA समझौते के लागू होते ही ओमान में 3.64 अरब डॉलर (करीब 330 अरब रुपये) के भारतीय सामानों पर लगने वाली 5 फीसदी आयात कर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। अब लगभग सभी भारतीय निर्यात ओमान में तुरंत बिना किसी शुल्क के हो जाएंगे।
इस समझौते से हुनरमंद भारतीयों के लिए ओमान में नौकरी पाना भी आसान होगा, क्योंकि पेशेवरों के लिए पैसों के ट्रांसफर की सीमाएं बढ़ाई गई हैं, वहीं भारत ने अपने संवेदनशील उद्योगों को सुरक्षा देने के लिए 2,700 से ज्यादा टैरिफ लाइनों को इस समझौते के दायरे से बाहर रखा है।