अंडमान सागर में सरकार ने शुरू की खनिज ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया
भारत ने अंडमान सागर में मौजूद 2 बड़े तट से दूर खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन ब्लॉकों के नाम सेवेल राइज-01 और वेस्ट सेवेल रिज-01 हैं। ये दोनों ब्लॉक कुल 1,632 वर्ग किलोमीटर के बड़े इलाके में फैले हुए हैं। इन जगहों पर कीमती पॉलीमैटेलिक नोड्यूल और क्रस्ट्स का अच्छा-खासा भंडार मौजूद है। ये खनिज वर्तमान की टेक्नोलॉजी से जुड़े उत्पाद बनाने और स्वच्छ ऊर्जा के प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने के लिए बहुत अहम हैं।
मंत्रालय ने बताई नीलामी की समय-सीमा
खनिज मंत्रालय ने हाल ही में दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में इस नीलामी प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि नए नियमों के तहत यह पूरी प्रक्रिया बेहद पारदर्शी और जिम्मेदारी भरे तरीके से चलाई जाएगी।
4 नवंबर को सभी इच्छुक कंपनियों के लिए एक जानकारी देने वाली कॉन्फ्रेंस रखी जाएगी। अगर, किसी कंपनी को कोई सवाल पूछना है तो उसकी आखिरी तारीख 13 नवंबर है, वहीं इन खनिज ब्लॉकों के लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख 28 दिसंबर तय की गई है। इस पूरी कवायद का मुख्य लक्ष्य भारत की सप्लाई चेन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र को मजबूत बनाना है, ताकि देश आत्मनिर्भर बन सके। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इन समुद्री संसाधनों का इस्तेमाल पूरी जिम्मेदारी के साथ हो।