चीन के करीब पहुंचा भारत, एशिया की ताकतवर देशों की सूची में तीसरे स्थान पर कायम
क्या है खबर?
एशिया में भारत की बढ़ती ताकत और क्षेत्रीय प्रभाव को लेकर लोवी इंस्टीट्यूट की नई रिपोर्ट में अहम जानकारी सामने आई है। संस्थान के एशिया पावर इंडेक्स 2026 के अनुसार, भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी जगह बनाए रखी है। भारत को 100 में से 40.5 अंक मिले हैं। खास बात यह है कि भारत और चीन के कुल शक्ति स्कोर का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है।
आर्थिक ताकत
आर्थिक ताकत के मामले में भारत को लगा झटका
भारत का आर्थिक क्षमता स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया है। हालांकि, इस श्रेणी में देश तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आर्थिक आकलन में बदलाव और विदेशों में भारतीय निवेश घटने का असर इस स्कोर पर पड़ा। इसके उलट, भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया है।
यह आने वाले वर्षों में भारत की आर्थिक संभावनाओं में सुधार की ओर इशारा करता है।
कूटनीतिक प्रभाव
कूटनीतिक प्रभाव और रक्षा संबंधों में भारत की मजबूत स्थिति
भारत का कूटनीतिक प्रभाव उसकी सबसे मजबूत श्रेणी बना हुआ है। इस मामले में देश को 70.3 अंक मिले हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में 3 स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर हैं।
आर्थिक संबंधों में भारत सातवें और रक्षा नेटवर्क में नौवें स्थान पर पहुंचा है। ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात से भी भारत के रक्षा संबंधों को मजबूती मिली है।
मुकाबला
अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला हुआ और करीबी
अमेरिका 78.9 अंकों के साथ एशिया का सबसे शक्तिशाली देश बना हुआ है, जबकि चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
दोनों के बीच अंतर घटकर 5.3 अंक रह गया है, जो 2018 के बाद सबसे कम है। रिपोर्ट में अमेरिकी विदेश नीति और ईरान के साथ संघर्ष को उसकी स्थिति कमजोर होने की वजह बताया गया है।
वहीं, चीन ने कूटनीतिक प्रभाव, सांस्कृतिक पहुंच और सैन्य आधुनिकीकरण के क्षेत्र में अपनी ताकत बनाए रखी है।