
भारत फिर बना एशिया का पसंदीदा शेयर बाजार, जापान को छोड़ा पीछे
क्या है खबर?
भारत अब एशिया में फंड मैनेजर्स का सबसे पसंदीदा शेयर बाजार बन गया है। बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) के सर्वे में 42 प्रतिशत फंड मैनेजर्स ने भारत को सबसे ऊपर रखा है, जो जापान (39 प्रतिशत) और चीन (6 प्रतिशत) से ज्यादा है। फरवरी में भारत सबसे कम पसंद किए गए बाजारों में शामिल था, लेकिन अब यह बदलाव सप्लाई चेन में बदलाव और व्यापार तनाव के चलते देखने को मिला है। इससे भारत की स्थिति मजबूत हुई है।
बढ़त
निफ्टी की बढ़त और जापान की गिरावट
इस साल की शुरुआत से भारत का निफ्टी 50 इंडेक्स 4 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 4.4 प्रतिशत गिरा है, जिससे निवेशकों का भरोसा भारत की ओर ज्यादा बढ़ा है। चीन भी पहले सबसे कम पसंद किया गया बाजार था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर आ गया है। थाईलैंड और ताइवान अभी भी सबसे कम पसंदीदा बाजार बने हुए हैं। भारत में निवेश के लिए बुनियादी ढांचा और खपत अहम विषय बने हुए हैं।
रुचि
सेमीकंडक्टर और सॉफ्टवेयर में बढ़ी रुचि
फंड मैनेजर्स अब टेलीकॉम और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में ज्यादा निवेश कर रहे हैं, जबकि ऊर्जा और ई-कॉमर्स सेक्टर को कम महत्व दे रहे हैं। सेमीकंडक्टर को लेकर भी नजरिया सुधरा है। मंदी की आशंका रखने वालों की संख्या 59 प्रतिशत से घटकर 42 प्रतिशत हो गई है। 2 से 8 मई के बीच हुए सर्वे में 208 फंड मैनेजर्स शामिल थे, जो कुल 522 अरब डॉलर (लगभग 44,600 अरब रुपये) की संपत्ति संभालते हैं।