भारत-ब्रिटेन के बीच नया व्यापार समझौता लागू, 99 फीसदी उत्पादों पर नहीं लगेगा शुल्क
भारत और ब्रिटेन के बीच नया व्यापार समझौता बुधवार (15 जुलाई) से लागू हो गया है। इसके तहत भारत से यूनाइटेड किंगडम (UK) जाने वाले कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत 99 फीसदी उत्पादों पर अब कोई शुल्क नहीं लगेगा।
इससे देश के छोटे व्यवसायों, कृषि क्षेत्र और पेशेवर सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।
75,000 से ज्यादा पेशेवरों को नेशनल इंश्योरेंस से राहत
इस समझौते से हीरे, चमड़ा, रसायन और समुद्री उत्पाद जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर लगने वाले टैरिफ खत्म हो गए हैं। सिर्फ चावल, चीनी, चिकन, पोर्क और अंडे को छोड़कर खेती की ज्यादातर चीजों पर भी ड्यूटी नहीं लगेगी।
इतना ही नहीं, UK में काम कर रहे 75,000 से ज्यादा भारतीय IT पेशेवरों, स्वास्थ्यकर्मियों और शिक्षकों को 5 साल तक नेशनल इंश्योरेंस नहीं देना पड़ेगा।
इससे उन्हें काफी आर्थिक राहत मिलेगी। इसके साथ ही, भारतीय शेफ, शास्त्रीय संगीतकारों और योग प्रशिक्षकों के लिए भी ब्रिटेन में काम करने के नए रास्ते खुल गए हैं।