भारत-यूरोपीय संघ के बीच दिसंबर तक हो सकता है मुक्त व्यापार समझौता
भारत और यूरोपीय संघ (EU) दिसंबर तक एक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करने की तैयारी में हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि इस समझौते से भारतीय सामान ज्यादातर बिना किसी ड्यूटी के यूरोपीय संघ के बाजारों में पहुंच सकेंगे।
इससे देश के कारोबारियों के लिए यूरोप के बड़े बाजार तक अपनी पहुंच बनाना आसान हो जाएगा। यह समझौता 2027 की शुरुआत तक लागू होने की उम्मीद है।
93 फीसदी भारतीय निर्यात को मिलेगी बिना ड्यूटी के पहुंच
इस FTA के लागू होने से लगभग 93 प्रतिशत भारतीय निर्यात यूरोपीय संघ में बिना ड्यूटी के पहुंच पाएगा। इससे टेक्नोलॉजी से लेकर टेक्सटाइल तक भारतीय उत्पादों को बड़ा फायदा मिलेगा। दूसरी तरफ वहां से लग्जरी कारें और वाइन मंगाना भी सस्ता हो जाएगा।
मंत्री गोयल ने बताया, "अब, लगभग शून्य ड्यूटी के साथ पूरा यूरोपीय बाजार हमारे लिए खुल जाएगा। यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौता दिसंबर तक हस्ताक्षरित हो जाएगा और फरवरी-मार्च तक प्रभावी भी हो जाएगा।" उन्होंने यह भी बताया कि इस समय कनाडा और अमेरिका भी भारत के साथ अपने व्यापारिक संबंध मजबूत करने के इच्छुक हैं। यह दिखाता है कि दुनियाभर में देश के साथ साझेदारी करने में कितनी ज्यादा दिलचस्पी है।