अगले महीने से न्यूजीलैंड में नहीं लगेगा भारतीय सामानों पर आयात शुल्क
अगले महीने भारत और न्यूजीलैंड अपना नया मुक्त व्यापार समझौता (FTA) शुरू करने जा रहे हैं। इससे भारतीय सामानों को पहले ही दिन से न्यूजीलैंड में बिना किसी आयात शुल्क के आसानी से पहुंच मिल सकेगी। यह समझौता हाल ही में वहां की संसद से पास हुआ है और अब लागू होने से पहले अपने अंतिम चरण में है।
FTA से दोगुना होगा व्यापार
इस FTA का लक्ष्य है कि 2030 तक दोनों देशों के बीच मौजूदा 4 अरब डॉलर (करीब 350 अरब रुपये) का व्यापार बढ़कर दोगुना हो जाए।
इस समझौते से भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा मिलेगा। उन्हें केमिकल, दवाएं, मशीनरी और IT जैसी सेवाओं को बिना किसी ड्यूटी के न्यूजीलैंड में बेचने की छूट मिल जाएगी। दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड की कंपनियों के लिए भारत में खाने-पीने की चीजें, मशीनरी और सेवाओं का बाजार ढूंढना और कारोबार करना आसान हो जाएगा।
इसके साथ ही, दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे यात्रा और व्यापारिक लेन-देन पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।