भारत-मैक्सिको के बीच अगले सप्ताह हो सकता है नया व्यापार समझौता
भारत और मैक्सिको अगले सप्ताह एक नए व्यापार समझौते पर आधिकारिक बातचीत शुरू करने जा रहे हैं। इसका लक्ष्य दोनों देशों के बीच कारोबार को और बढ़ाना है।
दरअसल, सितंबर के आखिरी सप्ताह में वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने मैक्सिको का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच एक मजबूत आर्थिक साझेदारी की नींव रखी थी।
मुख्य रूप से होता है कच्चा तेल का आयात
2024 में भारत और मैक्सिको के बीच 8.74 अरब डॉलर (करीब 830 अरब रुपये) का कुल व्यापार हुआ था। इसमें भारत ने जहां कारों और कपड़ों जैसी चीजों का निर्यात किया, वहीं मैक्सिको से मुख्य रूप से कच्चा तेल आयात किया, लेकिन इसी साल की शुरुआत में मैक्सिको ने 1,455 टैरिफ लाइनों पर MFN आयात शुल्क बढ़ा दिया है।
इनमें कई भारतीय सामान भी शामिल हैं। इस बढ़ोतरी से भारतीय उत्पादों के दाम बढ़ सकते हैं या उन्हें मैक्सिको के बाजार तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है।
नए समझौते से उम्मीद की जा रही है कि टैरिफ से जुड़ी ये मुश्किलें हल हो जाएंगी। खासकर ऑटोमोबाइल और कपड़ा उद्योग के लिए। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।