भारत-चिली के बीच इस साल तक पूरा हो सकता है व्यापार समझौता
भारत और चिली इस साल के अंत तक एक बड़े व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए तेजी से जुटे हुए हैं। इस समझौते को व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) कहा जाता है।
इसी सप्ताह दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सैंटियागो में बैठक की। उनका मकसद इस समझौते को आगे बढ़ाना था, ताकि दोनों तरफ के कारोबारियों को इसका फायदा मिल सके।
व्यापार और टेक्नोलॉजी का होगा विस्तार
अगर, यह समझौता हो जाता है तो CEPA स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा, खनिज, कृषि, मशीनरी और इंजीनियरिंग जैसे कई सेक्टरों में नए रास्ते खोलेगा। इस करार का एक और लक्ष्य टेक्नोलॉजी के आदान-प्रदान को आसान बनाना है।
साथ ही, टेक्नोलॉजी, प्रतिभा और सप्लाई चेन के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना भी इसका उद्देश्य है। दोनों ही देशों की सरकारें मजबूत आर्थिक रिश्ते बनाने और टिकाऊ विकास की दिशा में साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध दिख रही हैं।